MADHUBANI: मधुबनी के रामपट्टी मंडल कारा में 19 वर्षीय रौशन कुमार यादव की मौत के बाद गुरुवार देर शाम बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव उनके परिजनों से मिलने अरेर थाना क्षेत्र के परकौली गांव पहुंचे। तेजस्वी यादव के पहुंचने में शाम से रात हो गई, लेकिन उनके इंतजार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक जुटे रहे।
परकौली पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव ने रौशन यादव की मां और बहन से मुलाकात की और परिवार से पूरे मामले की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में राजद उनके साथ खड़ा रहेगा।
रौशन की बहन को मेडिकल कॉलेज में नौकरी का ऐलान
तेजस्वी यादव ने मौके पर रौशन यादव की बहन को मधुबनी मेडिकल कॉलेज में नौकरी दिलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि रौशन के परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और राजद परिवार के साथ हर कदम पर खड़ा रहेगा।
रौशन की मौत को लेकर तेजस्वी यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि युवक को कथित तौर पर तड़पा-तड़पाकर मारा गया। उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी होगा, उसका हिसाब होगा। उन्होंने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए और न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रखने की बात कही।
मानवाधिकार आयोग से मिलेगा राजद प्रतिनिधिमंडल
तेजस्वी यादव ने बताया कि रौशन की मौत के मामले में राजद अपने वकीलों से भी बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल मानवाधिकार आयोग से मुलाकात करेगा। साथ ही पूरे मामले की जानकारी बिहार के डीजीपी को भी दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि रौशन के परिवार को न्याय दिलाने के लिए राजद हर स्तर पर आवाज उठाएगा और जब तक परिवार को न्याय नहीं मिलता, तब तक पार्टी उनके साथ मिलकर संघर्ष करती रहेगी।
जेल में हुई थी रौशन की मौत
गौरतलब है कि 19 वर्षीय रौशन यादव की रामपट्टी मंडल कारा में मौत हुई थी। जेल प्रशासन की ओर से मौत को आत्महत्या बताया गया है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस मामले को लेकर इससे पहले जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी रौशन के परिजनों से मुलाकात कर चुके हैं। अब तेजस्वी यादव के परकौली पहुंचने और नौकरी समेत अन्य घोषणाएं करने के बाद मामला एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर चर्चा में है।
मधुबनी से कुमार गौरव की रिपोर्ट