MADHUBANI: मधुबनी में बदमाशों के हौसले बुलंद हैं। सकरी थाना क्षेत्र के नवादा स्थित मौर्यन रेस्टोरेंट में दर्जनों की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने धारदार हथियारों से जमकर उत्पात मचाया। बदमाश रेस्टोरेंट मालिक की हत्या करने की नीयत से उसकी तलाश कर रहे थे। इतना ही नहीं, मैनेजर के अपहरण का भी प्रयास किया गया। पूरी वारदात रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।


घटना बीते 19 नवंबर 2026 , मंगलवार की शाम करीब 5:30 बजे की है। इसको लेकर सकरी थाना में कांड संख्या 297 26 दर्ज किया गया । वहीं वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर सदर एसडीपीओ-1 अमित कुमार ने सकरी थानाध्यक्ष और आसपास के थानों की पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। 


सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पहचान करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंडौल थाना के बोटरी गांव से दोनों को गिरफ्तार किया गया है। जिनमें पंडौल थाना क्षेत्र के वो गांव के राहुल कुमार यादव और राजा यादव शामिल है इसकी जानकारी देते हुए  एसएसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। 


वहीं, पीड़ित पक्ष के अनुसार इस घटना में करीब 20 लाख रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है। इधर, मनीगाछी के पूर्व विधायक ललित यादव भी रेस्टोरेंट पहुंचकर पीड़ित से मिले और घटना की जानकारी ली। 


उन्होंने स्थानीय पुलिस की लापरवाही बताया और कहा कि बीते 23 अक्टूबर 2026 को भी वारदात को अंजाम दिया गया था लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई । वहीं  एसएसपी के प्रयासों की सराहना की, लेकिन साथ ही बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे महाजंगलराज और कुशासन करार दिया।

कुमार गौरव की रिपोर्ट