Bihar News: बिहार के किशनगंज जिले में शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बहादुरगंज-किशनगंज मुख्य पथ पर सर्रा पुल के पास रात करीब 10 बजे हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े डंपर से पीछे से जा टकराई।


जानकारी के अनुसार, दोनों भाई एक ही बाइक पर सवार होकर बहादुरगंज से अपने घर सकौर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कंपनी के प्लांट के पास खड़े एक मालवाहक डंपर से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। 


अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाइयों के सिर डंपर की लोहे की बॉडी से टकरा गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।


मृतकों की पहचान मुनतसीर और दानिश के रूप में हुई है। दोनों के पिता आमीन उद्दीन, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के सकौर नटुआपारा के निवासी हैं। परिजनों ने बताया कि एक भाई की हाल ही में शादी हुई थी और घर में खुशियों का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया। 


हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और कुछ समय के लिए सड़क जाम की स्थिति बन गई। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही बहादुरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।