KISHANGANJ : एसपी आवास में एक जहरीला सांप निकलने से हड़कंप मच गया. सांप को देखते ही अंगरक्षकों और पुलिसकर्मियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया. उनके रोंगटे खड़े हो गए. हालांकि गनीमत रही कि कोई अनहोनी हो, उससे पहले ही विषैले सांप को सपेरे की मदद से पकड़ लिया गया.
दरअसल किशनगंज के एसपी कुमार आशीष रविवार शाम को अपने आवास में जा रहे थे. इस दौरान उनकी नजर अचानक से एक जहरीले सांप पर पड़ी, जो उनके आवास में घुस आया था. सांप को देखते ही पुलिस कप्तान ने बॉडीगार्ड को आवाज लगाई. साहब की आवाज सुनकर जैसे ही बॉडीगार्ड और अन्य पुलिसकर्मी पहुंचे, सांप देखते ही उनके रोंगटे खड़े हो गए.
किशनगंज एसपी कुमार आशीष के बॉडीगार्ड ने जहरीले सांप को मारने की इच्छा व्यक्त की लेकिन पुलिस कप्तान से बॉडीगार्ड को ऐसा कुछ भी करने से साफ़ मना कर दिया. आनन फानन में खगड़ा से एक सपेरे को बुलाया गया, जिसने विषधर को पकड़कर जंगल में छोड़ दिया.
किशनगंज एसपी कुमार आशीष ने बताया कि सरकारी आवास के निकट स्थित जंगली झाड़ियों में काफी संख्या में विषैले सांप मौजूद हैं. हालांकि सांपों ने अबतक किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया है. बरसात के बाद भीषण गर्मी पड़ने के कारण के कारण अक्सर ये भोजन की तलाश में निकल जाते हैं और कभी कभी भटककर आवास तक पहुंच जाते हैं.
पुलिस कप्तान ने आगे बताया कि आवास में प्रवेश करने वाले विषधर को पकड़ कर उसे वापस जंगल में छोड़ दिया गया है.