Bihar School Accident : खगड़िया से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। बुधवार को प्राथमिक विद्यालय पासबान टोला में अचानक बड़ा हादसा हो गया। स्कूल की सीढ़ी की रेलिंग अचानक टूटकर गिर गई। हादसे के वक्त वहां मौजूद बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि रेलिंग टूटकर गिरने से कई बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार बच्चे घायल हो गए हैं। घटना के बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार मच गई। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। घायल बच्चों को आनन-फानन में इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल भेजा गया, जहां सभी का इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया है। हादसा आखिर कैसे हुआ और स्कूल की सीढ़ी की रेलिंग किस वजह से टूटी, इसकी जांच की जा रही है।स्कूल में हुए इस हादसे के बाद बच्चों के परिजनों में भी चिंता और आक्रोश का माहौल है। प्रशासन की जांच के बाद ही हादसे की पूरी वजह और लापरवाही से जुड़े तथ्यों का पता चल सकेगा।