KHAGARIA: जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में संजय झा पार्टी के नाम को लेकर सुझाव देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह कथित तौर पर कहते हैं कि अब समय आ गया है कि जनता दल यूनाइटेड (JDU) का नाम बदलकर ‘जनता दल नीतीश’ कर देना चाहिए।


संजय झा वीडियो में कहते सुनाई दे रहे हैं कि यह समय की मांग है, क्योंकि नीतीश कुमार ही जदयू की पूंजी हैं और पार्टी के सर्वमान्य नेता हैं।


खगड़िया में हुआ था ‘नीतीश संवाद’ कार्यक्रम

दरअसल, 9 सितंबर को खगड़िया में ‘फरक्का जल संधि पर नीतीश संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इसी कार्यक्रम में जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा शामिल हुए थे।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने पार्टी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संबंध में यह टिप्पणी की। उनके संबोधन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।


हालांकि, वायरल वीडियो में संजय झा के बयान के संदर्भ और पूरी बात को लेकर स्पष्टता के लिए कार्यक्रम का पूरा वीडियो देखना जरूरी है।