KATIHAR: कटिहार के मनिहारी अंचल कार्यालय में जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो पक्षों की महिलाओं के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। घटना के बाद कुछ देर के लिए अंचल कार्यालय परिसर रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।


मिली जानकारी के अनुसार, मनोहरपुर पंचायत से जुड़े एक पुराने भूमि विवाद मामले की सुनवाई अंचलाधिकारी निहारिका राय कर रही थीं। सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों की महिलाएं आपस में भिड़ गईं और कार्यालय परिसर में ही हाथापाई शुरू हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही वहां मौजूद अंचल गार्ड और पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की तत्परता के कारण मामला अधिक नहीं बढ़ सका।


एक पक्ष के लोगों ने आरोप लगाया कि फर्जी वंशावली तैयार कर उनके नाना की जमीन का नामांतरण कराने की कोशिश की जा रही है। वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को खारिज करते हुए अपने दावे को सही बताया। बताया जा रहा है कि उक्त जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।


इस संबंध में राजस्व पदाधिकारी रामसागर पासवान ने कहा कि कथित गलत वंशावली के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी आवश्यक दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। घटना के बाद अंचल कार्यालय में लोगों की भीड़ जुटी रही और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।