Bihar News: बिहार के कटिहार में कुरसेला थाना क्षेत्र के एनएच-31 स्थित ग्वालटोली के समीप मंगलवार को एलपीजी गैस टैंकर की टक्कर से सड़क किनारे करीब 50 साल पुराना बाबा बजरंगबली मंदिर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर का पूरा परिसर ढह गया। हादसे में मंदिर में स्थापित बजरंगबली की मूर्ति भी प्रभावित हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एलपीजी गैस टैंकर नवगछिया की ओर से आ रहा था। ग्वालटोली के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित मंदिर से जा टकराया। टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हादसे के बाद सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि टैंकर से एलपीजी गैस का रिसाव नहीं हुआ। टैंकर में गैस भरी होने के कारण स्थानीय लोगों में कुछ देर तक दहशत का माहौल रहा। लोगों का कहना है कि यदि टैंकर क्षतिग्रस्त होकर गैस का रिसाव शुरू हो जाता तो एनएच-31 के आसपास गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती थी।
करीब पांच दशक पुराने मंदिर के क्षतिग्रस्त होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता है। लोगों ने प्रशासन से घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ मंदिर के पुनर्निर्माण और हादसे की जांच की मांग की है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। टैंकर चालक के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।