Bihar News: बिहार के कटिहार जिले से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए दो नाबालिग बच्चों की जबरन शादी करा दी। मामला कुर्सेला थाना क्षेत्र के गोबराही दियारा इलाके का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, गांधीग्राम बिनटोली निवासी 11 वर्षीय लड़की और 12 वर्षीय लड़के को ग्रामीणों ने कथित तौर पर एक साथ देख लिया था। इसके बाद गांव में हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने बच्चों और उनके परिवार पर दबाव बनाते हुए पंचायत जैसा माहौल तैयार कर दिया।
हैरानी की बात यह रही कि भीड़ ने मासूम लड़के का आधा सिर मुंडवा दिया और फिर दोनों बच्चों की जबरन शादी करा दी। जिस उम्र में बच्चों के हाथ में किताब और कलम होनी चाहिए, उस उम्र में उन्हें शादी जैसे बंधन में धकेल दिया गया।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों का कहना है कि यह सिर्फ बाल विवाह का मामला नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों और कानून की खुली अनदेखी है। ग्रामीणों की इस हरकत ने मानवता और सामाजिक व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूरे मामले में सामाजिक दबाव इतना ज्यादा था कि परिवार खुलकर विरोध भी नहीं कर सका। वायरल वीडियो में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है। जांच के दौरान मुख्य आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान की प्रक्रिया लगातार जारी है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही बाकी आरोपियों को भी चिन्हित कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है।