KATIHAR: बिहार के कटिहार जिले में प्यार, विश्वास और पारिवारिक सहमति की एक अनोखी मिसाल सामने आई है। देर रात आजमनगर बाजार स्थित पोद्दार टोला ठाकुरबाड़ी मंदिर में एक प्रेमी युगल ने सामाजिक रीति-रिवाजों और परिवार की मौजूदगी में विवाह कर लिया। यह शादी अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, आजमनगर थाना क्षेत्र के जोकर पंचायत अंतर्गत पोखरिया मारिया गांव निवासी मनीष कुमार यादव और रिया कुमारी के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताना चाहते थे। कुछ समय पहले दोनों घर छोड़कर चले गए थे, जिसके बाद परिजनों ने उनकी बरामदगी के लिए पुलिस से गुहार लगाई थी।


पुलिस ने दोनों को बरामद कर कोर्ट में प्रस्तुत किया था। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया था। इसके बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से उनके रिश्ते को स्वीकार कर लिया। शुक्रवार रात करीब 11 बजे पोद्दार टोला स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर में दोनों परिवारों की मौजूदगी में पूरे विधि-विधान के साथ विवाह संपन्न कराया गया। शादी की खबर फैलते ही देर रात भी मंदिर परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। लोगों ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देकर उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।


दूल्हे मनीष कुमार यादव ने कहा कि दोनों एक-दूसरे से बेहद प्यार करते थे और हमेशा साथ रहना चाहते थे। परिवार की सहमति से शादी होने पर उन्होंने खुशी जताई। वहीं दुल्हन रिया कुमारी ने कहा कि उनके सच्चे प्यार को परिवार वालों ने समझा और स्वीकार किया, जिससे उनकी जिंदगी की नई शुरुआत संभव हो सकी। दूल्हे के पिता नकुल यादव ने बताया कि दोनों बच्चे एक-दूसरे को पसंद करते थे और उनकी खुशी को देखते हुए दोनों परिवारों ने समाज के सामने उनकी शादी कराने का निर्णय लिया। यह अनोखी प्रेम कहानी और परिवारों की सहमति से हुई शादी पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।