Bihar Road Accident: कटिहार जिले के कदवा प्रखंड स्थित सोनैली बाजार में बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्र केशव कुमार की मौत हो गई. हादसा उस वक्त हुआ जब केशव साइकिल से कोचिंग पढ़ने जा रहा था. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.


मृतक की पहचान अजय ठाकुर के पुत्र केशव कुमार के रूप में हुई है. वह नौवीं कक्षा का छात्र था. जानकारी के अनुसार, केशव साइकिल से कोचिंग जाने के लिए निकला था. इसी दौरान सोनैली बाजार में बालू लदे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. हादसा इतना गंभीर था कि छात्र की जान चली गई.


छात्र की मौत से भड़का लोगों का आक्रोश

हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई. एक किशोर छात्र की मौत से लोगों में भारी नाराजगी फैल गई. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध जताया. सड़क जाम होने से बाजार में आवागमन प्रभावित हो गया और वाहनों की आवाजाही बाधित रही.


केशव की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. जिस बेटे को परिवार ने पढ़ाई के लिए कोचिंग भेजा था, उसकी मौत की खबर से परिजनों का बुरा हाल है. वहीं, हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है.