Bihar News: जहानाबाद सदर अस्पताल में पिछले दिनों मरीजों से जांच के नाम पर अवैध वसूली का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसके बाद जहानाबाद के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने अवैध वसूली करने वाले दो लैब टेक्निशियन के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया है।
दरअसल, जहानाबाद सदर अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में सदर अस्पताल में तैनात लैब टेक्निशिन मरीजों से जांच के नाम पर अवैध वसूली करते नजर आ रहे हैं। मीडिया में खबरें आने के बाद अब जहानाबाद के मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी ने अवैध वसूली करने वाले दो लैब टेक्निशियन अंकित कुमार और विकास कुमार के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया है।
उधर, जहानाबाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शनिवार को एक आधिकारिक बयान जारी कर वायरल वीडियो की स्थिति स्पष्ट की है। एसपी कार्यालय की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच कराई गई है। वायरल वीडियो में पैसे लेते दोनों लैब टेक्निशियन सदर अस्पताल के सरकारी कर्मचारी नहीं है बल्कि POCT कंपनी में लैब टेक्निशियन के पद पर कार्यरत हैं।
पुलिस के मुताबिक, वीडियो दो साल पुराना है और वीडियो को विकास कुमार की चचेरी बहन ने बनाया है और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वायरल वीडियो का वर्तमान समय में सदर अस्पताल की व्यवस्था से कोई प्रत्यक्ष संबंध नहीं है।