Bihar Crime News: जहानाबाद जिले के घोसी थाना क्षेत्र स्थित चैती पिपरा के पास फल्गु नदी में शनिवार को अवैध बालू उठाव को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. देखते ही देखते दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें सात लोगों को गोली लग गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई.
जानकारी के अनुसार, बालू उठाव को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई. कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चलने लगीं. गोलीबारी की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. घटना के बाद फल्गु नदी के आसपास का इलाका पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया.
फायरिंग की इस घटना में रामपुर गांव निवासी धीरज कुमार के सीने में गोली लगी है. वहीं चैती पिपरा गांव के सुधीर कुमार, दिनेश राम, विजय कुमार, अजय कुमार और रेशम भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके अलावा गिन्जी गांव निवासी विष्णु कुमार भी इस हिंसक घटना में गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं.
घटना की सूचना मिलते ही घोसी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल विष्णु कुमार और विजय कुमार को सुरक्षित बाहर निकालकर पहले घोसी अस्पताल पहुंचाया. बाद में सभी घायलों को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल ले जाया गया.
सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया. अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है.
पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं. फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.