JEHANABAD: जहानाबाद के परसबिगहा थाना क्षेत्र के हृदयचक गांव में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत एक युवक 132 केवी के हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


ग्रामीण लगातार युवक से नीचे उतरने की अपील करते रहे, लेकिन वह टावर पर ही हंगामा करता रहा। इसके बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग के कर्मचारियों ने एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी।


बिजली सप्लाई बंद होने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और युवक की जान बच गई। घटना के बाद काफी देर तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।