JEHANABAD: खबर जहानाबाद से है, जहां घोसी-जहानाबाद मुख्य सड़क पर हाटी मोड़ के पास बाइक दुर्घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान घोसी थाना क्षेत्र के उबेर गांव निवासी प्रभाकर कुमार के रूप में हुई है। वहीं, घायल छात्र का नाम सौरव कुमार है।
बताया जाता है कि दोनों चचेरे भाई अपाचे बाइक पर सवार होकर अपने घर से जहानाबाद कोर्ट में एक परिजन से मिलने जा रहे थे। इसी दौरान हाटी मोड़ के पास पीछे से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे में बाइक चला रहे प्रभाकर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे सौरव कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्रभाकर को मृत घोषित कर दिया। घायल सौरव का इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। छात्र की मौत से परिवार में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।