Bihar Crime News: बिहार के जहानाबाद में स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने निकले टाइगर मोबाइल के जवान धनेश्वर यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. गुरुवार देर शाम छापेमारी के लिए निकले जवान का शव दो दिन बाद दरधा नदी से बरामद किया गया. घटना काको थाना क्षेत्र के नदियावां के पास की है. जवान का शव मिलने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.


जानकारी के अनुसार, टाइगर मोबाइल जवान धनेश्वर यादव गुरुवार देर शाम स्मैक तस्करी के खिलाफ छापेमारी करने निकले थे. इसके बाद से ही उनका कोई पता नहीं चल रहा था. काफी खोजबीन के बावजूद जब जवान की जानकारी नहीं मिली तो पुलिस उनकी तलाश में जुटी रही. दो दिन बाद दरधा नदी में उनका शव मिलने की सूचना मिली.


मृतक जवान धनेश्वर यादव मूल रूप से भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले थे. उनकी मौत की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई. जवान की मौत को स्मैक तस्करी के खिलाफ कार्रवाई से जोड़कर देखा जा रहा है.


शव मिलने की सूचना पर एसपी, एएसपी और एसडीपीओ समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में स्मैक तस्करों द्वारा जवान की हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है.


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छापेमारी के लिए निकलने के बाद जवान के साथ क्या हुआ और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. घटना में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही है.