GOPALGANJ:गोपालगंज में निर्माणाधीन मकान में काम करने के दौरान करंट लगने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित ब्रह्मस्थान, वार्ड नंबर-12 के समीप हुआ।
बताया जा रहा है कि पति निर्माणाधीन मकान की दूसरी मंजिल पर काम कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। पति को बचाने के लिए पत्नी मौके पर पहुंची, लेकिन वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गई।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों को ऑटो से इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल-112 के एसआई सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि स्थानीय लोगों ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग दोनों को ऑटो से अस्पताल ले जा चुके थे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
REPORT-NAMO NARAYAN MISHRA-GOPALGANJ