Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां आपसी विवाद ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ झगड़ा इतना हिंसक हो गया कि भाला और लाठी-डंडे चलने लगे। इस दौरान एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दरअसल यह पूरा मामला बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के प्यारेपुर गांव का है। जानकारी के अनुसार, गांव में किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई थी। धीरे-धीरे विवाद बढ़ता गया और देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ लोग अचानक भाला और लाठी-डंडा लेकर पहुंच गए और हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि हमले के दौरान एक बुजुर्ग को भाला मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इसके बाद उनकी लाठी-डंडों से भी बेरहमी से पिटाई की गई। खून से लथपथ हालत में परिजन उन्हें आनन-फानन में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
वहीं इस खूनी संघर्ष में करीब आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज गोपालगंज मॉडल सदर अस्पताल में चल रहा है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
सदर एसडीपीओ-2 राजेश कुमार ने बताया कि प्यारेपुर गांव में दो पक्षों के बीच हिंसक मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर ज्यादा आक्रामक तरीके से हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।