बिहार के गोपालगंज जिले में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. सड़क दुर्घटना की सूचना मिलने पर मौके के लिए रवाना हुई पुलिस टीम खुद रास्ते में हादसे का शिकार हो गई. बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के सिसई गांव के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से पुलिस वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया. इस दुर्घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए मॉडल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम सरकारी वाहन से सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद घटनास्थल की ओर जा रही थी. इसी दौरान सिसई गांव के समीप अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई. उसे बचाने की कोशिश में चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और पुलिस की गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा भिड़ी.
टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए. स्थानीय लोगों की सहायता से घायल पुलिसकर्मियों को वाहन से बाहर निकाला गया और घटना की सूचना पुलिस अधिकारियों को दी गई.
सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल मॉडल सदर अस्पताल भेजा गया. डॉक्टरों के अनुसार चारों पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है.
इस हादसे के बाद पुलिस विभाग में भी हलचल मच गई है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना अचानक सड़क पर आई नीलगाय को बचाने के प्रयास में हुई. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को भी मौके से हटाकर कब्जे में ले लिया गया है.