Bihar Police News: गोपालगंज के मांझागढ़ थाना क्षेत्र में मारपीट में घायल वृद्ध की इलाज के दौरान मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने वृद्ध का शव मांझागढ़ थाने के मुख्य गेट पर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की. ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष पर मामले में समय रहते कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है.
मामला मांझागढ़ थाना क्षेत्र के मड़वा टोला गांव का है. बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. इस दौरान एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए थे. घायल वृद्ध का इलाज चल रहा था, इसी दौरान रविवार को उनकी मौत हो गई.
वृद्ध की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. बड़ी संख्या में लोग शव लेकर मांझागढ़ थाना पहुंचे और मुख्य गेट के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की.
थानाध्यक्ष पर कार्रवाई की मांग
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि मारपीट की घटना के बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई थी, लेकिन समय रहते कार्रवाई नहीं की गई. ग्रामीणों ने थानाध्यक्ष पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की.
हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस को मौके पर बुलाया गया. पुलिस अधिकारी आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों को समझाने में जुटे हैं. थाना परिसर और आसपास के इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है.
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है. वहीं, मृतक के परिजन और ग्रामीण आरोपितों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस की भूमिका की जांच की मांग पर अड़े हुए हैं.