Bihar Flood News: वाल्मीकिनगर बराज से 4.16 लाख क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। वहीं, नेपाल में लगातार हो रही बारिश के कारण आने वाले समय में गंडक नदी में और अधिक पानी आने की संभावना जताई जा रही है। 



बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से तटबंधों की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। निचले और कैचमेंट एरिया में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की जा रही है। सदर एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह ने बताया कि नेपाल में अधिक बारिश होने के कारण वाल्मीकिनगर बराज से करीब 4 लाख क्यूसेक या उससे अधिक पानी छोड़े जाने की संभावना है। यह पानी गोपालगंज में कल तक पहुंचने की संभावना है।



इसे देखते हुए सभी अंचल अधिकारियों को कैचमेंट एरिया में माइकिंग कराने का निर्देश दिया गया है। लोगों से अपील की जा रही है कि वे निचले इलाकों को खाली कर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। प्रशासन की ओर से लोगों के साथ-साथ मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की अपील की जा रही है। एसडीएम ने कहा कि जिला प्रशासन ने किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी कर ली है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।



वहीं, प्रशासन की टीम लगातार कैचमेंट एरिया का निरीक्षण कर रही है। कुचायकोट के मितानिया में रेन कट की सूचना मिलने के बाद भी निरीक्षण किया गया, लेकिन मौके पर किसी तरह का रेन कट या बांध को नुकसान पहुंचाने वाली स्थिति नहीं मिली।



एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह ने बताया कि सारण तटबंध पूरी तरह सुरक्षित है। पूर्व में भी करीब साढ़े पांच से छह लाख क्यूसेक तक पानी आने के बावजूद तटबंध को कोई क्षति नहीं हुई थी। इस बार भी बांध की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।



फिलहाल प्रशासन का मुख्य फोकस कैचमेंट और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने पर है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते निचले इलाकों को खाली कर ऊंचे स्थानों पर शिफ्ट हो जाएं और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

रिपोर्ट- नमो नारायण मिश्रा, गोपालगंज