Bihar Crime News: गोपालगंज में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए गए वाहन जांच अभियान के दौरान दो वाहनों से 181 लीटर से अधिक विदेशी शराब बरामद की गई. कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. शराब तस्करी में इस्तेमाल दोनों वाहनों को भी उत्पाद विभाग की टीम ने जब्त कर लिया है.
पहली कार्रवाई मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के डुमरिया पुल के पास की गई. यहां उत्पाद विभाग की टीम वाहन जांच अभियान चला रही थी. इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने एक महिंद्रा स्कॉर्पियो को रोककर उसकी तलाशी ली. तलाशी के दौरान वाहन से 103.6 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई.
शराब बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग की टीम ने स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया और मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपियों में एक उचकागांव थाना क्षेत्र और दूसरा कुचायकोट थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है. दोनों से शराब की खेप के संबंध में पूछताछ की जा रही है.
वहीं दूसरी कार्रवाई माझागढ़ थाना क्षेत्र में की गई. यहां उत्पाद विभाग की टीम ने एक मारुति कार को रोककर तलाशी ली. जांच के दौरान कार से 77.76 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. मामले में बेतिया निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है. शराब के साथ कार को भी जब्त कर लिया गया.
उत्पाद विभाग के अनुसार, जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सघन छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत अलग-अलग स्थानों पर वाहनों की जांच की जा रही है. गुप्त सूचना मिलने पर टीम तत्काल कार्रवाई कर रही है.
दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. उत्पाद विभाग शराब की खेप के स्रोत और इसके संभावित खरीदारों के बारे में भी जानकारी जुटा रहा है. बरामद शराब और जब्त वाहनों को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है.