GAYAJEE: गया में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की टीम ने सदर अंचल में तैनात दो सरकारी अमीन को 7 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक कुमार और दीपू कुमार के रूप में हुई है। दोनों को गया एपीआर के पास से पकड़ा गया।
निगरानी विभाग के डीएसपी वसीम अहमद ने बताया कि शिकायतकर्ता रोहित कुमार ने विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि सदर अंचल में कार्यरत दोनों अमीन किसी काम के बदले उनसे 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग कर रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग की टीम ने पहले मामले का सत्यापन कराया। जांच के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपियों को पकड़ने के लिए टीम ने जाल बिछाया। योजनाबद्ध तरीके से की गई कार्रवाई के दौरान जैसे ही दोनों अमीन ने शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपये लिए, पहले से घात लगाए निगरानी विभाग के अधिकारियों ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गया है। इस कार्रवाई से सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी करने वालों के बीच हड़कंप मच गया है।