GAYA: बिहार के गया जिले में बीजेपी का स्टीकर लगी बेलगाम थार ने दो स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा में बैठे दो यात्री बुरी तरह घायल हो गये। इस घटना से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा मचाया और थार में तोड़फोड़ की। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। घायल दोनों स्कूटी सवार को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया।


घटना गया के जय प्रकाश झरना के पास की है। जहां गुरुवार को एक तेज रफ्तार थार ने दो स्कूटी में टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर जुट गए।


हादसे से गुस्साए लोगों ने बीजेपी का स्टीकर लगी थार गाड़ी में तोड़फोड़ कर अपना आक्रोश जताया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए भीड़ को वहां से हटाया। इसके बाद घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।


सिटी एसडीपीओ सरोज कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो लोग घायल हुए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। 


पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। थार गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगा हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि थार का मालिक कौन है?

गया से नितम राज की रिपोर्ट