GAYAJEE: गयाजी में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गयी है। विष्णुपद थाना क्षेत्र के नौआगड़ी मोहल्ले में छापेमारी कर पुलिस ने एक घर से भारी मात्रा में लाखों रुपये की विदेशी शराब बरामद किया है। जब्त शराब को घर के एक कमरे में अलग-अलग जगहों पर छिपाकर रखा गया था। 


पुलिस ने मौके से शराब जब्त करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वहीं, इस मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश में पुलिस जुट गई है।


मिली जानकारी के अनुसार, शराब को एक ही कमरे में कई जगहों पर छिपाकर रखा गया था। कुछ शराब ट्रंक में, कुछ बर्तन और अन्य सामानों के बीच, जबकि कुछ फ्रिज में रखी गई थी। पुलिस ने तलाशी के दौरान सभी जगहों से शराब बरामद कर उसे जब्त कर लिया।


मौके पर पहुंचे मजिस्ट्रेट आनंद ने बताया कि मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। उनके खिलाफ भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल बरामद विदेशी शराब की कुल मात्रा और बाजार मूल्य का आकलन किया जा रहा है। इसकी कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और शराब के इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

गया से नितम राज की रिपोर्ट