Bihar Teacher News: गयाजी जिले के बेलागंज में एक छात्रा की आत्महत्या के मामले में स्कूल के सहायक शिक्षक पर गंभीर आरोप लगा है. परिजनों का आरोप है कि शिक्षक अभिषेक कुमार ने छात्रा को झांसे में लेकर उसका यौन शोषण किया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई. मानसिक दबाव और प्रताड़ना से परेशान होकर छात्रा ने 9 अगस्त को आत्महत्या कर ली.


मामला बेलागंज के समसपुर उच्च विद्यालय का है. छात्रा की मां ने शनिवार को बेलागंज थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया और पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया.


परिजनों का आरोप है कि विद्यालय में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत अभिषेक कुमार ने उनकी बेटी को झांसे में लिया और उसके साथ गलत संबंध बनाए. परिजनों के अनुसार, छात्रा के गर्भवती होने के बाद वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी. इसी वजह से उसने 9 अगस्त को आत्महत्या कर ली.


शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर स्कूल में हंगामा

मामले की जानकारी मिलने के बाद शुक्रवार सुबह बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन समसपुर उच्च विद्यालय पहुंच गए. लोगों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए स्कूल परिसर में हंगामा किया.


सूचना मिलने पर बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया. इसके बाद पुलिस आरोपी शिक्षक को अपने साथ थाने ले गई. शनिवार को छात्रा की मां की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया.


बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि शिक्षक पर छात्रा के शारीरिक शोषण का आरोप लगाया गया है. शिकायत के अनुसार, छात्रा मानसिक दबाव में थी और उसने 9 अगस्त को आत्महत्या कर ली थी. छात्रा की मां की ओर से शनिवार को आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.


पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है. शिकायत में लगाए गए आरोपों और छात्रा की मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.