Bihar Viral Video: गया जिले के शेरघाटी में पहाड़ी इलाके में घूमने पहुंचे एक युवक और युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है.
घटना शेरघाटी के समदा टोला महुआडीह गांव के पास सोमवार की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, झारखंड सीमा से सटे पहाड़ी इलाके में एक युवक और युवती घूमने पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ युवकों ने दोनों को घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.
वायरल वीडियो में कुछ युवक दोनों के साथ अभद्र व्यवहार करते और युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. एक युवक बाइक का प्लग निकालता दिखाई दे रहा है. जब पीड़ित युवक बाइक का प्लग लेने की कोशिश करता है, तो उसके साथ मारपीट की जाती है. घटना के दौरान दोनों को गालियां देने और हंगामा करने की बात भी सामने आई है.
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने वीडियो और तस्वीरें बना लीं, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की.
लोकलाज के कारण युवक-युवती ने घटना के तुरंत बाद पुलिस से शिकायत नहीं की थी. सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस टीम गांव पहुंची और कई लोगों से पूछताछ की. पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद कुछ युवक वहां से फरार हो गए.
शेरघाटी डीएसपी संदीप कुमार ने बताया कि मामले में दो लोगों को पकड़ा गया है. घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस को कुछ अन्य आरोपितों के नाम और पते की जानकारी भी मिली है. पीड़ित युवक और युवती की पहचान कर ली गई है.
पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है. फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.