Bihar News: बिहार के गया जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक मजदूर के बैंक खाते में अचानक 294 करोड़ 80 लाख रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा. खाते में इतनी बड़ी रकम देखकर मजदूर खुद हैरान रह गया. देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में फैल गई और उसके घर पर लोगों की भीड़ जुटने लगी.
मामला बोधगया प्रखंड के मस्तपुरा गांव का है. यहां रहने वाले विकास कुमार पेशे से बिजली और प्लंबर मिस्त्री का काम करते हैं. विकास का कहना है कि उनका जियो पेमेंट्स बैंक में खाता पिछले करीब पांच वर्षों से सक्रिय है और वह रोजमर्रा के लेनदेन के लिए इसी खाते का इस्तेमाल करते हैं.
विकास ने बताया कि दो दिन पहले उन्होंने जियो फाइनेंस ऐप के जरिए अपना बैंक बैलेंस चेक किया. बैलेंस देखते ही उनके होश उड़ गए. खाते में 2,94,80,00,000 रुपये यानी 294 करोड़ 80 लाख रुपये दिख रहे थे. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद यह कोई तकनीकी गड़बड़ी होगी, लेकिन जब अगले दिन दोबारा बैलेंस चेक किया गया तो रकम उतनी ही दिखाई दी.
मजदूर विकास कुमार के मुताबिक, उनके खाते से अब तक कुल मिलाकर 6 से 7 लाख रुपये तक का ही लेनदेन हुआ है. ऐसे में अचानक सैकड़ों करोड़ रुपये का बैलेंस दिखना उनके लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं था. हालांकि उन्होंने इस रकम को निकालने या ट्रांसफर करने की कोई कोशिश नहीं की. उन्हें आशंका थी कि यह बैंकिंग सिस्टम की कोई तकनीकी गलती हो सकती है.
खाते में करोड़ों रुपये होने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई. इसके बाद लोगों का उनके घर पहुंचना शुरू हो गया. कोई बैलेंस देखने की जिद करने लगा तो कोई यह जानने की कोशिश करने लगा कि आखिर इतने पैसे कहां से आए. पूरे इलाके में यही चर्चा होने लगी कि एक मजदूर के खाते में अचानक करोड़ों रुपये कैसे पहुंच गए.
सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से वायरल हो रहा है. लोग तरह-तरह के कयास लगा रहे हैं. हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि खाते में दिख रही यह रकम किसी तकनीकी गड़बड़ी का नतीजा है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है.
बैंकिंग विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. कई बार तकनीकी त्रुटि या सिस्टम अपडेट के दौरान खातों में गलत बैलेंस दिखाई देने लगता है. ऐसे मामलों में ग्राहक उस रकम का इस्तेमाल नहीं कर पाते और जांच के बाद बैलेंस स्वतः सही कर दिया जाता है. फिलहाल यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.