Bihar News: दिल्ली में हुए गैस हादसे ने बिहार के गया जिले के इमामगंज के अलीनगर गांव के दो परिवारों को गहरा जख्म दिया है। हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई। दोनों दिल्ली में रहकर स्लीपर का काम करते थे। इलाज के दौरान 6 सितंबर को दोनों ने दम तोड़ दिया।



सोमवार को दोनों के शव गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम पसर गया। घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और हर किसी की आंखें नम नजर आईं। बताया जा रहा है कि घटना 3 सितंबर की है। पंकज कुमार और उनके जीजा राजेंद्र राम दिल्ली में ड्यूटी से लौटे थे। दोनों ने कमरे में खाना बनाया और खाना खाने के बाद सो गए।



इसी दौरान कमरे में गैस का रिसाव हुआ और आग लग गई। देखते ही देखते गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोगों ने दोनों को बाहर निकाला और इलाज के लिए दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद 6 सितंबर को दोनों ने दम तोड़ दिया।



पंकज कुमार की मौत से उनके पिता परमेश्वर दास पूरी तरह टूट चुके हैं। उनका कहना है कि अगर गांव और आसपास रोजगार मिलता तो उनका बेटा बाहर काम करने नहीं जाता। वहीं पंकज की मां पहले से लकवे की बीमारी से जूझ रही हैं और बोल भी नहीं पातीं। जवान बेटे की मौत ने परिवार का दर्द और बढ़ा दिया है।

रिपोर्ट- नितम राज, गयाजी