Bihar Crime News: गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र के बेनीपुर गांव से चार दिन से लापता 30 वर्षीय सोनू दास उर्फ सोहन का शव बुधवार को धान के खेत से बरामद किया गया. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. परिजनों ने युवक की हत्या कर शव को खेत में फेंके जाने की आशंका जताई है.


जानकारी के अनुसार, सोनू दास जितिया पर्व की शाम से घर से लापता था. परिजनों ने बताया कि उसी शाम मकसूदपुर गांव के कुछ लोग उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे. इसके बाद सोनू वापस घर नहीं लौटा. अगले दिन परिजनों ने टिकारी थाना पहुंचकर उसके लापता होने की लिखित सूचना पुलिस को दी थी.


बुधवार सुबह करीब 10 बजे गांव से पूरब ईंट भट्ठे के पास धान के खेत में ग्रामीणों ने एक युवक का शव पड़ा देखा. इसकी सूचना मिलते ही गांव में खबर फैल गई और परिजन भी मौके पर पहुंच गए. शव की पहचान सोनू दास उर्फ सोहन के रूप में होते ही परिवार में कोहराम मच गया.


शव मिलने की सूचना पर टिकारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ की. इसी दौरान मामले की जांच के लिए मकसूदपुर पहुंची पुलिस के साथ स्थानीय ग्रामीणों की हल्की झड़प होने की भी सूचना है.


परिजनों का आरोप है कि सोनू को घर से बुलाकर ले जाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई और शव को धान के खेत में फेंक दिया गया. हालांकि, युवक की मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है.


पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के साथ पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सोनू की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह घर से निकलने के बाद कहां गया था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी.