ARRAH: भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के धमनियां शांतिनगर के सामने शनिवार को बनास नदी में नहाने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। नदी के तेज बहाव में छह बच्चे बहने लगे। इस दौरान स्थानीय युवक गोलू ने साहस का परिचय देते हुए नदी में छलांग लगा दी और चार बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, दो मासूम बच्चे पानी की तेज धारा में लापता हो गए। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका था।


लापता बच्चों की पहचान शांतिनगर निवासी चंदन केशरी के सात वर्षीय पुत्र हिमांशु कुमार और रविन्द्र केशरी उर्फ मैनी के दस वर्षीय पुत्र मोनू कुमार के रूप में हुई है।


जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे छह बच्चे बनास नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान अचानक सभी बच्चे नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और बहने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर शांतिनगर निवासी गोलू ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना चार बच्चों गोलू, प्रशांत, संतोषी कुमारी और प्रिया कुमारी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।


वहीं, हिमांशु और मोनू तेज धारा में बहकर लापता हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों बच्चों के लापता होने की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और ग्रामीणों की भीड़ नदी किनारे जुट गई।


इधर, चार बच्चों की जान बचाने वाले गोलू के साहसिक प्रयास की ग्रामीणों के बीच खूब चर्चा हो रही है। वहीं, लापता दोनों मासूमों की तलाश को लेकर परिजन और ग्रामीण चिंतित हैं।