Bihar Train Accident: दरभंगा-सकरी रेलखंड पर मंगलवार देर शाम ट्रेन की चपेट में आने से करीब 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसा दरभंगा और काकरघाटी रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 2/8 और 2/10 के बीच हुआ. युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है. उसके दाहिने हाथ पर ‘सुजीत’ लिखा मिला है, जिसके आधार पर भी पुलिस उसकी पहचान तक नहीं पहुंच सकी है.
जानकारी के अनुसार, जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के चालक ने किलोमीटर संख्या 2/10 के पास युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना रेलवे कंट्रोल को दी. सूचना मिलते ही दरभंगा आरपीएफ पोस्ट के कमांडर पोखराज मीणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
आरपीएफ की सूचना पर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची. टीम ने रेल पटरी पर पड़े शव को हटाया, जिसके बाद ट्रेन का परिचालन सामान्य कराया गया. हादसे के कारण स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस काकरघाटी रेलवे स्टेशन पर करीब 25 मिनट तक रुकी रही.
घटनास्थल होम सिग्नल से बाहर होने के कारण विश्वविद्यालय थाना पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई. विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया.
पुलिस ने युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाके में जानकारी जुटाई, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके. युवक ने जींस पैंट और शर्ट पहन रखी थी. पुलिस को उसके दाहिने हाथ पर ‘सुजीत’ नाम लिखा मिला है.
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक पोस्टमार्टम भवन के शीतगृह में रखा जाएगा.
पुलिस अब युवक की पहचान के साथ-साथ इस बात की भी जांच कर रही है कि वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
हादसे के बाद कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित रहा. शव हटाए जाने और जरूरी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेनों का परिचालन सामान्य कर दिया गया है.