DARBHANGA:दरभंगा जिले के नेहरा थाना क्षेत्र स्थित राघोपुर गांव में पुजारी बाबा स्मारक सह राम जानकी मंदिर में बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मंदिर के पुजारी को जान से मारने की धमकी दी और भगवान का मुकुट, पोशाक, आभूषण सहित करीब 5 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
पुजारी ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे 5-6 बदमाश लाठी-डंडे और हथियारों से लैस होकर मंदिर परिसर में घुस आए। बदमाश उनके शयनकक्ष के पास पहरा देते रहे और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने मंदिर से भगवान का मुकुट, पोशाक, आभूषण और अन्य कीमती सामान के साथ नकदी भी चोरी कर ली।
घटना की जानकारी सुबह मंदिर कमेटी और ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही नेहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मंदिर सकरी-धरोड़ा मुख्य सड़क पर पेट्रोल पंप के सामने स्थित है। व्यस्त इलाके में हथियारबंद बदमाशों द्वारा मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।