DARBHANGA: दरभंगा के कमतौल थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक सत्यम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका लहूलुहान शव रतनपुर-कलवाड़ा मुख्य सड़क के किनारे आम के बगीचे के पास झाड़ियों से बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, युवक के शरीर पर गोली लगने के तीन निशान मिले हैं।
परिजनों के अनुसार, सत्यम मंगलवार शाम अपनी बेटी के लिए दवा लेने की बात कहकर घर से निकला था। बताया जा रहा है कि उस समय उसके साथ चार युवक भी थे। रात करीब 8:17 बजे सत्यम ने अपने पिता संजीव कुमार से फोन पर बात की और खुद को मलिकपुर में बताया। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। कुछ देर बाद सड़क किनारे उसका शव मिलने की सूचना पर परिवार में हड़कंप मच गया।
पिता ने चार दोस्तों पर जताया शक
मृतक के पिता संजीव कुमार ने सत्यम के साथ गए चार दोस्तों पर शक जताया है। उन्होंने पुलिस से मामले की गहन जांच कर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी को आरोपी नहीं बनाया है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद शव को रतनपुर-कलवाड़ा मुख्य सड़क के पास लाकर फेंका गया।
फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और घटना में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और मृतक के मोबाइल फोन से जुड़ी जानकारी के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।