DARBHANGA: बिहार विधान परिषद चुनाव के नतीजों से जुड़ी बड़ी खबर दरभंगा से आ रही है। दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी डॉ. सुरेश प्रसाद राय आगे चल रहे हैं। मतगणना के दौरान उनकी जीत तय होने की बात कही जा रही है। हालांकि निर्वाचन अधिकारी की ओर से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


दरभंगा शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 53 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला मतगणना के जरिए होना था। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में डॉ. सुरेश प्रसाद राय का मुकाबला कांग्रेस के डॉ. मदन मोहन झा, जनता दल (यूनाइटेड) के घनश्याम राय और राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार डॉ. कुंवर राय उर्फ कुमर राय से है।


वहीं, दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से बीजेपी के सर्वेश कुमार, आरजेडी के अनिल कुमार झा, कांग्रेस के रजनीकांत पाठक और जन सुराज पार्टी के डॉ. मोहम्मद इम्तियाज नूरानी चुनाव मैदान में हैं।


फिलहाल, दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से किस प्रत्याशी की जीत होती है, यह देखने वाली बात होगी। डॉ सुरेश प्रसाद राय 387 वोट से आगे चल रहे हैं। मतगणना केंद्र से बाहर निकले डॉ. मदन मोहन झा ने कहा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में तीन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है। जन सुराज के प्रत्याशी के आगे चलने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि अभी मुकाबला जारी है और टक्कर बनी हुई है।