DARBHANGA: बिहार के दरभंगा में अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की है। सकतपुर थाना में तैनात ASI रंधीर कुमार को उजान गांव में गोली मार दी गई। गोली उनके बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी और आर-पार हो गई। घटना के बाद घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (DMCH) में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के मुताबिक, ASI रंधीर कुमार पुलिस टीम के साथ गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान उजान गांव में मोबाइल पर बातचीत करने के दौरान बगीचे की तरफ से किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर गोली चला दी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल ASI को अस्पताल पहुंचाया।


घायल ASI रंधीर कुमार मूल रूप से पटना जिले के नौबतपुर के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और गोली चलाने वाले की तलाश की जा रही है।


दरभंगा के SSP जगुनाथ रेड्डी ने ASI को गोली लगने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गश्ती के दौरान पुलिसकर्मी पर गोली चलाई गई है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच कर रही है। हमलावर कौन था और उसने पुलिसकर्मी को निशाना क्यों बनाया, इसका पता लगाया जा रहा है।