DARBHANGA: दरभंगा नगर आयुक्त गरिमा लोहिया ने पहली बार शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर सफाई और स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने वार्ड-12 के साथ प्रसिद्ध श्यामा माई मंदिर परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में साफ-सफाई की स्थिति देखी और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने शहर में चल रहे सफाई कार्यों की नियमित निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों और सफाई कर्मियों को व्यवस्था में लापरवाही नहीं बरतने तथा नियमित रूप से सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


नगर आयुक्त ने आयकर चौराहा से रेडियो स्टेशन जाने वाली सड़क के पास बने सेकेंडरी वेस्ट प्वाइंट को हटाने का भी निर्देश दिया। इसके साथ ही संबंधित मार्ग पर अतिक्रमण को लेकर नोटिस जारी करने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया गया।


गौरतलब है कि नगर आयुक्त गरिमा लोहिया के स्तर से हाल के दिनों में शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है। इससे पहले ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए 14 सफाई कर्मियों से भी स्पष्टीकरण मांगा गया था।