DARBHANGA: सम्राट सरकार का दरभंगा वासियों को बड़ा तोहफा मिलने जा रही है। यहां ₹200 करोड़ से अधिक का अत्याधुनिक स्टेडियम बनेगा। नेहरू स्टेडियम की जगह राष्ट्रीय स्तर का नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा जहां डे-नाइट IPL से लेकर कई इनडोर गेम्स की सुविधा होगी।
दरभंगा के खेल प्रेमियों और युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम को ध्वस्त कर उसी जगह राष्ट्रीय स्तर का अत्याधुनिक स्टेडियम बनाने की तैयारी है।
सरकार की ओर से इसके लिए हरी झंडी मिल चुकी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रस्तावित स्टेडियम का प्रजेंटेशन भी देखा है। बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि करीब 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से स्टेडियम का निर्माण होगा।
स्टेडियम को डे-नाइट IPL जैसे बड़े क्रिकेट मैचों के मानकों के अनुरूप तैयार किया जाएगा। यहां हाई-मास्ट लाइट्स, हाइब्रिड टर्फ पिच, बड़े डिस्प्ले स्क्रीन और आधुनिक पवेलियन होंगे।
इसके अलावा स्विमिंग पूल, बॉक्सिंग, जूडो-रेसलिंग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, स्क्वैश और जिम जैसी सुविधाओं वाला इंडोर मल्टीपरपज हॉल भी बनेगा।
खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स साइंस, मेडिकल और बायो-मैकेनिक्स सुविधाओं, 100 बेड का हॉस्टल, गेस्ट हाउस और डाइनिंग हॉल की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। साथ ही लॉन टेनिस, वॉलीबॉल, नेट प्रैक्टिस पिच और मल्टी-लेवल पार्किंग भी बनाई जाएगी।
संजय सरावगी ने कहा कि यह सिर्फ स्टेडियम नहीं, बल्कि मिथिला के हजारों युवा खिलाड़ियों के सपनों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच देने वाला बड़ा अवसर होगा।