Bihar News: बिहार और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाला गंगा नदी पर बना नैनीजोर पीपा पुल सोमवार शाम तेज आंधी के कारण तीन हिस्सों में टूट गया। इस घटना के बाद दोनों राज्यों के बीच संपर्क पूरी तरह बाधित हो गया और आवागमन ठप पड़ गया।
जानकारी के अनुसार, बक्सर के ब्रह्मपुर प्रखंड के नैनीजोर गांव स्थित बिहार घाट पर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम द्वारा इस पीपा पुल का निर्माण कराया गया था, जो स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग माना जाता है। तेज हवा के दबाव को पुल सहन नहीं कर सका और इसके पीपा सेट अलग-अलग होकर तीन भागों में बिखर गए एक हिस्सा बिहार की ओर, दूसरा उत्तर प्रदेश की ओर और तीसरा बीच धारा में रह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आंधी के दौरान पुल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई बाइक और छोटे वाहन पुल के बीचों-बीच फंस गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घटना के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बंद हो गया।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने पुल निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। लोगों का आरोप है कि निर्माण में मानकों की अनदेखी की गई है। उनका कहना है कि पुल में पर्याप्त संख्या में लंगर नहीं लगाए गए, जिसके कारण तेज हवा के दबाव में पीपा सेट खिसक गया।
गौरतलब है कि यह पहली बार नहीं है जब यह पुल क्षतिग्रस्त हुआ हो। पिछले सप्ताह भी तेज आंधी के कारण यह दो हिस्सों में टूट गया था, जिससे घंटों यातायात प्रभावित रहा था। घटना के बाद विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर पुल की मरम्मत में जुट गए हैं। हालांकि, मरम्मत कार्य पूरा होने तक बिहार और उत्तर प्रदेश के बीच इस मार्ग से आवागमन संभव नहीं हो सकेगा।