Bharat Tiwari: भोजपुर के बिलौटी गांव में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि देने और न्याय की मांग को लेकर आयोजित महापंचायत में करणी सेना प्रमुख वीर प्रताप सिंह (बीरू सिंह) पहुंचे। उन्होंने इस दौरान मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय की लड़ाई में साथ रहने का भरोसा दिलाया।
महापंचायत को संबोधित करते हुए वीर प्रताप सिंह ने कहा कि भरत तिवारी के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो देशभर में समाज के लोग एकजुट होकर आंदोलन को और व्यापक बनाएंगे।
उन्होंने कहा कि किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। वीर प्रताप सिंह ने कहा कि भरत तिवारी के माता-पिता जिस पीड़ा से गुजर रहे हैं, वह पूरे समाज के लिए अत्यंत दुखद है।
उन्होंने सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।