Bihar weather news: बिहार के भोजपुर जिले में सोमवार को बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया. जिले के अलग-अलग इलाकों में ठनका गिरने की घटनाओं में एक वार्ड सदस्य समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद प्रभावित गांवों में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में मातम छा गया.
जानकारी के अनुसार, बारिश के दौरान अचानक आकाशीय बिजली गिरने से अलग-अलग जगहों पर लोग इसकी चपेट में आ गए. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों में एक ग्राम पंचायत के वार्ड सदस्य भी शामिल हैं. घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की.
हादसे में घायल चार लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. बताया जा रहा है कि सभी की हालत गंभीर बनी हुई है.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली. अधिकारियों ने घायलों के इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए. मृतकों के परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.