Bihar Police Corruption: भोजपुर जिले में अवैध शराब और हथियार तस्करों को संरक्षण देने के आरोप में पुलिस ने निलंबित चौकीदार शिवचंद यादव को गिरफ्तार किया है. उसकी गिरफ्तारी गौरा बाजार से की गई. आरोपी बहोरनपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, उस पर शराब और हथियार तस्करों की मदद करने के साथ-साथ अवैध कारोबार के बदले पैसे लेने के भी गंभीर आरोप हैं.
पुलिस के मुताबिक, शिवचंद यादव पर अवैध शराब के कारोबार में शामिल रहने, शराब और हथियार तस्करों को मदद पहुंचाने तथा इसके एवज में रुपये लेने का आरोप है. इसके अलावा उस पर हर महीने रंगदारी मांगने, जबरन वसूली करने और पैसे लेकर गांव में अवैध शराब का कारोबार चलवाने के आरोप भी लगे हैं.
आर्म्स एक्ट के मामले में आया था नाम
बताया जा रहा है कि चरपोखरी थाना में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में शिवचंद यादव का नाम सामने आया था. इसी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके खिलाफ लगे आरोपों की जांच की जा रही है.
थानाध्यक्ष को फंसाने के लिए वीडियो वायरल कराने का भी आरोप
निलंबित चौकीदार शिवचंद यादव पर बहोरनपुर थानाध्यक्ष अजय कुमार को साजिश के तहत फंसाने का भी आरोप है. बताया जा रहा है कि उसने थानाध्यक्ष की छवि खराब करने के लिए एक नर्तकी के साथ घूंघट में उनका वीडियो वायरल कराया था. इस मामले को लेकर अलग से प्राथमिकी भी दर्ज की गई है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. शिवचंद यादव पर लगे आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.