Bihar News: नवरात्रि की धूम के बीच बिहार में बड़ा हादसा हो गया है। भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के तीर्थकौल गांव के समीप शनिवार को सोन नदी में नहाने के दौरान डूबने से तीन बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि तीन बच्चों को नदी में डूबता देख करीब 25 वर्षीय एक युवक उन्हें बचाने के लिए पानी में कूद पड़ा। हालांकि, गहरे पानी में जाने के कारण वह भी डूब गया। इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद नदी से चारों के शव बरामद कर लिए गए। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
मृतकों में 10 से 15 वर्ष की उम्र के तीन बच्चे और करीब 25 वर्षीय एक युवक शामिल है। घटना की गंभीरता को देखते हुए संदेश प्रखंड के बीडीओ बिनेश कुमार और थानाध्यक्ष संजीव कुमार घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं।
सोन नदी में हुए इस दर्दनाक हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिन घरों में कुछ देर पहले तक सामान्य माहौल था, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। एक साथ चार लोगों की मौत से तीर्थकौल गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।