Bihar Crime News: भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव में सोमवार की सुबह बाइक से कीचड़ पड़ने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया. विवाद के दौरान हथियारबंद आरोपितों ने 30 वर्षीय युवक हरी कुमार को गोली मार दी. गोली उसकी जांघ में लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए आरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गोली चलने की सूचना मिलते ही गड़हनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस के पहुंचने से पहले ही वारदात में शामिल आरोपित मौके से फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार, लसाढ़ी गांव निवासी रमेश कुमार का 30 वर्षीय पुत्र हरी कुमार सोमवार सुबह किसी काम से जा रहा था. इसी दौरान रास्ते से बाइक गुजरने के दौरान किसी तरह कीचड़ पड़ने को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. इसी दौरान विवाद बढ़ने पर हथियारबंद लोगों ने हरी कुमार को गोली मार दी.


गोली लगने के बाद हरी कुमार घायल होकर गिर पड़ा. घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों की मदद से उसे इलाज के लिए आरा के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार गोली उसकी जांघ में लगी है.


घटना की सूचना मिलने पर गड़हनी थानाध्यक्ष कमलजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई. प्रारंभिक जांच में बाइक से कीचड़ पड़ने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है.


पुलिस अब गोली चलाने वाले आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई की जा रही है.


घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. मामूली विवाद में युवक को गोली मारे जाने की घटना के बाद लसाढ़ी गांव में लोगों के बीच चर्चा का माहौल है.