Bihar Crime News: बिहार के भोजपुर जिले में बदमाशों का मनोबल लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. आए दिन गोलीबारी की घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. ताजा मामला गीधा थाना क्षेत्र के बिरमपुर गांव का है, जहां आपसी विवाद में बदमाशों ने एक डेयरी संचालक को गोली मार दी. गोली लगने से डेयरी संचालक गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घायल की पहचान बिरमपुर गांव निवासी राजदेव चौधरी के रूप में हुई है. उनके बाएं पैर की जांघ में गोली लगी है. फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, राजदेव चौधरी का अपने पड़ोसियों के साथ पहले से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि डेयरी संचालन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी कहासुनी हुई थी. इसी विवाद को लेकर आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले पिता और उनके बेटों ने राजदेव चौधरी पर गोली चला दी. गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़े.
घायल राजदेव चौधरी ने बताया कि आरोपितों ने उन पर गोली चलाई तो उन्होंने अपनी जान बचाने के लिए तुरंत डेयरी का दरवाजा बंद कर लिया. उनका कहना है कि अगर वह समय रहते दरवाजा बंद नहीं करते तो आरोपित उन पर दोबारा गोली चला सकते थे.
घटना के बाद बिरमपुर गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है. मामले को लेकर सदर एसडीपीओ-2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि डेयरी चलाने को लेकर हुए विवाद में राजदेव चौधरी को गोली मारी गई है. गोली उनके पैर में लगी है और फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर है.
उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.