BHOJPUR: असम के जोरहाट में वायु सेना के एन-32 विमान क्रैश हादसे में भोजपुर जिले के कोईलवर प्रखंड के कायमनगर निवासी वायु अग्निवीर दानिश आलम की मौत हो गई। इस हादसे में दानिश के साथ चार अन्य जवान भी शहीद हो गए। दानिश आलम (22 वर्ष), कायमनगर निवासी मो. फारूक आलम के इकलौते पुत्र थे। वह अक्टूबर 2025 में वायु अग्निवीर के रूप में सेवा में शामिल हुए थे।
उनकी पहली पोस्टिंग असम के जोरहाट में हुई थी परिजनों के अनुसार दानिश 23 मई 2026 को छुट्टी में घर आए थे और 30 मई को वापस जोरहाट के लिए रवाना हुए थे। इसके बाद हादसे की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि दानिश ने 29 जून 2025 को एयर फोर्स स्टेशन बिहटा में जॉइन किया था और 3 जुलाई को प्रशिक्षण के लिए बेलगांव, कर्नाटक गए थे। प्रशिक्षण के बाद उनकी तैनाती असम के जोरहाट में हुई थी।
दानिश की माता अख्तरी बेगम और दो बड़ी बहनें शगुफ्ता परवीन व गजाला परवीन हैं। पिता मो. फारूक आलम एचपीसीएल गीधा में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं। परिजनों ने बताया कि घर की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। बेटे की नौकरी लगने के बाद पिता को परिवार की बेहतर स्थिति की उम्मीद थी, लेकिन हादसे की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। दानिश के शहीद होने की सूचना के बाद कायमनगर गांव में मातम पसरा हुआ है। लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।