Bihar Crime News: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े हुई हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई. रामपुर कमरांय गांव में छह बदमाशों ने एक युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद भाग रहे दो आरोपियों को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए खदेड़कर पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी. दोनों आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
मृतक की पहचान रामपुर कमरांय गांव निवासी बालेश्वर यादव के 21 वर्षीय पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है. घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है. प्रारंभिक जांच में पुलिस ने हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग से जुड़े विवाद की आशंका जताई है.
बताया जा रहा है कि घटना के समय राकेश अपने घर में खाना खाने के बाद आराम कर रहा था. इसी दौरान तीन बाइक पर सवार होकर छह युवक वहां पहुंचे. बदमाशों ने पहुंचते ही राकेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी.
इसी दौरान एक बदमाश ने राकेश को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने हथियार निकालकर उस पर गोली चला दी. गोली लगते ही राकेश जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद बदमाश मौके से भागने लगे.
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया. ग्रामीणों ने भाग रहे दो आरोपियों को छोटी कोरियनडीह के पास पकड़ लिया. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह दोनों आरोपियों को भीड़ से बचाया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
मृतक की दादी सोना देवी ने बताया कि राकेश घर में आराम कर रहा था, तभी अचानक बदमाश आए और विवाद शुरू कर दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि बदमाशों ने साजिश के तहत इस घटना को अंजाम दिया है.
घटना की जानकारी मिलते ही सुल्तानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई. कई थानों की पुलिस को गांव में तैनात किया गया है. सुल्तानगंज, शाहकुंड, बाथ और अकबरनगर थाना की पुलिस गांव में कैंप कर रही है.
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक बाइक बरामद की है. डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. घायल दोनों आरोपियों का इलाज पुलिस निगरानी में कराया जा रहा है.
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. वहीं पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या के पीछे प्रेम-प्रसंग के अलावा कोई और वजह तो नहीं थी.