Bihar Road Accident: बिहार में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है. ताजा मामला भागलपुर से सामने आया है, जहां अकबरनगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. भवनाथपुर फोरलेन के पास महिंद्रा थार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.


हादसा रविवार सुबह करीब 10:30 बजे भवनाथपुर फोरलेन के पास हुआ. जानकारी के अनुसार, सफेद रंग की महिंद्रा थार अकबरनगर की ओर से भागलपुर की तरफ जा रही थी. इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए.


हादसे में दो लोगों की मौत

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. आसपास मौजूद लोग घटनास्थल पर पहुंचे और इसकी सूचना पुलिस को दी. डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंची. इसके बाद अकबरनगर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त थार में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया.


हादसे में थार सवार दो लोगों की मौत हो गई. वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को तत्काल इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.


अकबरनगर थानाध्यक्ष रामाशीष कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है और एक युवक गंभीर रूप से घायल है. दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.


पुलिस मृतकों की पहचान कराने में जुटी है. गाड़ी के नंबर और मृतकों के पास मिले सामान के आधार पर उनकी पहचान का प्रयास किया जा रहा है. हादसे के बाद दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया गया, जिसके बाद फोरलेन पर यातायात सामान्य कराया गया.


पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.