Bihar Police: बिहार के भागलपुर जिले के सन्हौला प्रखंड अंतर्गत सनोखर थाना क्षेत्र के छोटी नाकी गांव में चर्चित प्रमिला देवी हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से फरार चल रहे नामजद आरोपी पर दबाव बनाने के लिए उसके घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि प्रमिला देवी, जो चिंतामन साह की पत्नी थीं, की कुछ दिन पहले निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रंजन साह को मुख्य आरोपी बनाया गया था। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और लगातार पुलिस से बचता फिर रहा था।
पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई बार छापेमारी की, लेकिन वह हाथ नहीं लगा। इसके बाद न्यायालय से अनुमति लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए उसके घर पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर पूरे कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई को अंजाम दिया।
इस संबंध में सनोखर थाना अध्यक्ष पंकज किशोर ने बताया कि आरोपी लंबे समय से फरार है और गिरफ्तारी से बच रहा है। ऐसे में कोर्ट के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है, ताकि उस पर दबाव बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि अक्सर इस तरह की कार्रवाई के बाद आरोपी सरेंडर कर देते हैं या पुलिस की गिरफ्त में आ जाते हैं।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश अब भी जारी है और उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।
(भागलपुर शयामानंद सिह की रिपोर्ट)