Bihar News: भागलपुर जिले के नवगछिया अंतर्गत रंगरा थाना क्षेत्र के तिनटंगा दियारा झल्लूदास टोला गंगा घाट पर शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा में डूबने से मधेपुरा के एक ही परिवार के तीन लोगों एक बालक, एक किशोरी और एक युवती की मौत हो गई। एसडीआरएफ की टीम ने देर शाम तीनों शवों को बरामद कर लिया। घटना के बाद इलाके में मातम पसर गया है।
जानकारी के अनुसार, मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के भटगामा गांव (राजपुर पश्चिमी पंचायत वार्ड 12) के रहने वाले कुमोद यादव अपने परिवार के साथ अपने पुत्र गौरव कुमार और पुत्री साक्षी कुमारी का मुंडन कराने के लिए झल्लूदास टोला गंगा घाट पहुंचे थे। उनके साथ परिवार की एक अन्य सदस्य मोनी कुमारी भी मौजूद थी।
मुंडन से पहले गंगा स्नान के दौरान सबसे पहले गौरव कुमार गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसकी बहन साक्षी और फुआ मोनी भी गंगा में कूद गईं, लेकिन तीनों ही पानी के तेज बहाव में फंसकर डूब गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और घंटों चले तलाशी अभियान के बाद शाम तक तीनों शव बरामद कर लिए।
रंगरा थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर विश्वबंधु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि एक ही परिवार के तीन लोगों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई है। शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस हादसे के बाद भटगामा गांव में मातम पसरा हुआ है। जिस घर में मुंडन की खुशी का माहौल था, वह अचानक शोक में बदल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त है।